*शुभ जन्मदिन*
शुभ जन्मदिन,शुभ जन्मदिन,शुभ जन्मदिन,शुभ कामना।
हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो नित्य प्रसन्न, शुभ भावना।।
सद्गुणी हों, सदाचारी हों, सदा सुखी हों, परोपकारी हों।
शूर वीर हों, कर्मवीर हों, सद्ग्यानी हो, न्यायकारी हों।।
जीवन का हर क्षण हो सुखमय, हर पल जीवन साधना।
हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो नित्य प्रसन्न, शुभ भावना।।
सम्पूर्ण धरा में,जलधि गिरा में,अखिल विश्व में जय हो।
प्रेम दया करुणा हो उर में, निश्छल हो सरल ह्रदय हो।।
साहस शौर्य उत्साह भरे हों, करें राष्ट्र आराधना।
हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।
उष्ण रक्त,मस्तिस्क सौम्य हो,वाक् प्रखर हो,बोधगम्य हो।
अनुपमेय हो कार्य तुम्हारे, जीवन का उपवन सुरम्य हो।।
सबमें निज स्वरूप को देखें, अहर्निश स्वयं की साधना।
हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो नित्य प्रसन्न, शुभ भावना।।
ओजस्वी हो, प्राणवान हो, यशस्वी हो, कीर्तिवान हो।
तेजस्वी हो, गुणों की खान हो, तपस्वी हो, तू महान हो।।
भाव तुम्हारे सदा पवित्र हो, ईश्वर की हो उपासना।
हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो नित्य प्रसन्न, शुभ भावना।।
-उमेश यादव
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें