यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 22 अप्रैल 2022

महावीर बजरंग बली(new)

*महावीर बजरंग बली*(new)

महावीर बजरंग बली, श्री राम दूत का अभिनन्दन है।

दुष्टदलन,दुःख-कष्ट हरण,श्री हनुमान का शुभ वंदन है।।

 

दुष्टों के प्रभु सदा काल हैं, महाकाल के अवतारी हैं।

संतों के रक्षक हैं हरपल, भक्तों के ह्रदय बिहारी हैं।।

जहाँ कहीं भी अन्धकार है,सूर्य समान पथ द्योतक हैं।

बल बुद्धि विद्या के सागर हैं,आप ही संकटमोचक हैं।।

हर संकट के समाधान हैं,शुभ कार्य को हरि चन्दन हैं।

महावीर बजरंग बली, श्री राम दूत का अभिनन्दन है।।

 

मनुजता जब भी फंसी भँवर में,हनुमन ने हमें उबारा है।

भ्रम व भय से मुक्ति दिलाया,साहस दे हमें संवारा है।।

सेवा धर्म ही श्रेष्ठ धर्म है, हनुमत ने जीकर सिखलाया।।

सेवा से श्री राम प्रसन्न हो, जाते हैं जग को बतलाया।

प्रभुसेवक केसरीनंदन का,पवनसुत का अभिवंदन है।

महावीर बजरंग बली, श्री राम दूत का अभिनन्दन है।।

 

नयी विपदा आई जग में, आप ही अब उपचार करो।

अतिसूक्ष्म है असुर आज का, प्रभु इसका संहार करो।।

संकट में है प्राण मनुज के, संजीवन दे उपचार करो।

अभयदान दो भक्तों को प्रभु,हम सब पर उपकार करो।।

आस और विश्वास कपिवर, आपका ही चरण वंदन है।

महावीर बजरंग बली, श्रीराम दूत का अभिनन्दन है।।

 

महायुद्ध से त्रसित विश्व है,अंजनी पुत्र कल्याण करो।

आतताइयों को दण्डित कर,मानवता का उत्थान करो।।

रोको जग को महायुद्ध से, प्रभु जग पर उपकार करो।

विपदाओं से ग्रसित विश्व है, हे कपीश उद्धार करो।।

केसरीनंदन वायुपुत्र के, जन्मदिवस पर अभिनन्दन है।

दुष्टदलन,दुःख-कष्ट हरण,श्री हनुमान का शुभ वंदन है।।

-उमेश यादव

 

कोई टिप्पणी नहीं: