यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 2 दिसंबर 2022

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई

 

जन्मदिवस पर आज

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।

आनंदित हो हर पल तेरा,हर क्षण हो सुखदाई।।

 

जीवन तेरा मोद भरा हो,मंजिल अपनी पाओ।

मुस्कानों की कलियों को तुम,पुष्पों सा विहंसाओ।।

सुरभित रहे सम्पूर्ण दिशाएं,रहे नहीं कठिनाई।

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।।

 

मंगलमय शुभ संकल्पों से, भरा हो तेरा जीवन।

शुभ कर्मों के पुष्प खिले हों,हर्ष भरा हो चितवन।।

सुयश कीर्ति विस्तृत हो जैसे, संध्या की परछाई।

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।।

 

हो चिरंजीव,हो शतंजीव, हो कर्म सदा मनभावन।  

आनंदित हो परिजन सारे, खुशी भरे हों आँगन।।

मातु पिता गुरुजन हों तेरे, आजीवन वरदाई।

जन्मदिवस पर आज सभी,देते हैं तुम्हें बधाई।।

 

सद्गुण की सुरभि से महके,जीवन का ये उपवन।

हो महानता ऐसा जैसे, महके माधव मधुवन।।

अखिल विश्व का कण कण हो, तेरे हित सुखदाई।

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।।

-उमेश यादव

कोई टिप्पणी नहीं: