यह ब्लॉग खोजें

birthday song लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
birthday song लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 2 दिसंबर 2022

शुभ जन्मदिन

 

शुभ जन्मदिन

शुभ जन्मदिन,शुभ जन्मदिन,शुभ जन्मदिन,शुभ कामना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

सद्गुणी हों, सदाचारी हों, सदा सुखी हों, परोपकारी हों।

शूरवीर हों, कर्मवीर  हों, सदज्ञानी हो, न्यायकारी हों।।

जीवन का हर क्षण हो सुखमय, हर पल जीवन साधना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

सम्पूर्ण धरा में,जलधि गिरा में,अखिल विश्व में जय हो।

प्रेम दया करुणा हो उर में, निश्छल हो सरल ह्रदय  हो।।

शौर्य साहस उत्साह भरे हों, सर्वथा विजय की कामना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

उष्ण रक्त,मस्तिस्क सौम्य हो,वाक् प्रखर हो,बोधगम्य हो।

अनुपमेय हो कार्य तुम्हारे, जीवन का उपवन सुरम्य हो।।

सबमें निज स्वरूप को देखें, अहर्निश स्वयं की साधना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

यशस्वी हो, तपस्वी हो, ओजस्वी हो, प्राणवान हो।

तेजस्वी हो, वर्चस्वी हो, मनस्वी हो, कीर्तिवान हो।।

भाव तुम्हारे सदा पवित्र हो, ईश्वर की हो प्रार्थना । 

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

-उमेश यादव

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई

 

जन्मदिवस पर आज

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।

आनंदित हो हर पल तेरा,हर क्षण हो सुखदाई।।

 

जीवन तेरा मोद भरा हो,मंजिल अपनी पाओ।

मुस्कानों की कलियों को तुम,पुष्पों सा विहंसाओ।।

सुरभित रहे सम्पूर्ण दिशाएं,रहे नहीं कठिनाई।

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।।

 

मंगलमय शुभ संकल्पों से, भरा हो तेरा जीवन।

शुभ कर्मों के पुष्प खिले हों,हर्ष भरा हो चितवन।।

सुयश कीर्ति विस्तृत हो जैसे, संध्या की परछाई।

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।।

 

हो चिरंजीव,हो शतंजीव, हो कर्म सदा मनभावन।  

आनंदित हो परिजन सारे, खुशी भरे हों आँगन।।

मातु पिता गुरुजन हों तेरे, आजीवन वरदाई।

जन्मदिवस पर आज सभी,देते हैं तुम्हें बधाई।।

 

सद्गुण की सुरभि से महके,जीवन का ये उपवन।

हो महानता ऐसा जैसे, महके माधव मधुवन।।

अखिल विश्व का कण कण हो, तेरे हित सुखदाई।

जन्मदिवस पर आज सभी, देते हैं तुम्हें बधाई।।

-उमेश यादव

जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामना

 

जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामना

 

जन्मदिन पर हमारी है शुभकामना।

स्वस्थ तन मन सदा हो यही भावना।।

 

कलियों सा सदा मुस्कराते रहो।

भौरों सा सदा गुनगुनाते रहो।।

खुश रहो और खुशियाँ लुटाते रहो।

खुद हंसो और जग को हंसाते रहो।।

दुखों से कभी भी ना हो सामना।

जन्मदिन पर हमारी है शुभकामना।।

 

संग परिजन सखा नित रहो तुम सुखी।

मुख खिले हों सदा ना रहो तुम दुखी।।

बादलों सा बनो तुम सहज और चपल।

बालकों सा रहो नित्य चंचल धवल।।

होवे साकार जो भी उठे कल्पना।

जन्मदिन पर हमारी है शुभकामना।।

 

दृढ़ संकल्प नए श्रेष्ठ पलते रहे।

उमंगो भरा दिन ये ढलते रहे।।

धर्म संस्कार दौलत प्रतिष्ठा बढ़े।

अपने आराध्य से उर में निष्ठा बढ़े।।

दीर्घ जीवन जियें प्रभु से  प्रार्थना।

जन्मदिन पर हमारी है शुभकामना।।

 

प्रेम करुणा हो उर में सरल हो हृदय।

देख पीड़ा पतन हो कभी ना निर्दय।।

मनुज हैं मनुज हित बढ़े ये चरण।

श्रेष्ठ जीवन सदा श्रेष्ठ हो आचरण।।

श्रेष्ठ सुन्दर सुखी नित रहे भावना।।

जन्मदिन पर हमारी है शुभकामना।।

-उमेश यादव