यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 2 दिसंबर 2022

शुभ जन्मदिन

 

शुभ जन्मदिन

शुभ जन्मदिन,शुभ जन्मदिन,शुभ जन्मदिन,शुभ कामना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

सद्गुणी हों, सदाचारी हों, सदा सुखी हों, परोपकारी हों।

शूरवीर हों, कर्मवीर  हों, सदज्ञानी हो, न्यायकारी हों।।

जीवन का हर क्षण हो सुखमय, हर पल जीवन साधना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

सम्पूर्ण धरा में,जलधि गिरा में,अखिल विश्व में जय हो।

प्रेम दया करुणा हो उर में, निश्छल हो सरल ह्रदय  हो।।

शौर्य साहस उत्साह भरे हों, सर्वथा विजय की कामना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

उष्ण रक्त,मस्तिस्क सौम्य हो,वाक् प्रखर हो,बोधगम्य हो।

अनुपमेय हो कार्य तुम्हारे, जीवन का उपवन सुरम्य हो।।

सबमें निज स्वरूप को देखें, अहर्निश स्वयं की साधना।

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

 

यशस्वी हो, तपस्वी हो, ओजस्वी हो, प्राणवान हो।

तेजस्वी हो, वर्चस्वी हो, मनस्वी हो, कीर्तिवान हो।।

भाव तुम्हारे सदा पवित्र हो, ईश्वर की हो प्रार्थना । 

हो शतंजीव, हो चिरंजीव, हो चिर प्रसन्न, शुभ भावना।।

-उमेश यादव

कोई टिप्पणी नहीं: