यह ब्लॉग खोजें

navratri लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
navratri लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 10 अक्तूबर 2021

4.माँ कूष्मांडा

4.माँ कूष्मांडा

आदिस्वरुपा माँ कूष्मांडा,सृष्टि धारक पालक हो माता।
रोग शोक का अंत करो माँ,सिंहवाहिनी भगवती माता।।

अष्टभुजा हे आदिशक्ति माँ,निज स्मित से विश्व रचाया।
सूर्य समान दैदीप्य जगत में,दिव्य तेज सर्वत्र समाया।।
यश आरोग्य प्रदान करो माँ,हो भक्तों के भाग्य विधाता।
आदिस्वरुपा माँ कूष्मांडा, सृष्टि धारक पालक हो माता।।

दसों दिशाएँ, ग्रह नक्षत्र सब,तुमसे ही आलोकित होता।
जड़ चेतन व जीव जगत माँ,तुझसे ही संचालित होता।।
दिग-दिगंत से अति अनंत तक,नियंत्रण तेरा है माता।
आदिस्वरुपा माँ कूष्मांडा, सृष्टि धारक पालक हो माता।।

धनुष बाण चक्र गदा कर,अमृत-कलश कमंडल माला।
भक्तों की रक्षक हो माता,दुष्ट संहारक हो तीव्र ज्वाला।।
रिद्धि सिद्धि प्रदायिनी माते,भक्तों को वांछित वर दाता।
आदिस्वरुपा माँ कूष्मांडा,सृष्टि धारक पालक हो माता।।
-उमेश यादव 

शुक्रवार, 8 अक्तूबर 2021

2.ब्रह्मचारिणी माता


ब्रह्मचारिणी हे माँ दुर्गे, तप करने की शक्ति हमें दो।
ज्योतिर्मय हे मातु भवानी,चरणों में अनुरक्ति हमें दो।।

ब्रह्माण्ड निर्मात्री हे जगदम्बा, समस्त विद्याओं के ज्ञाता।
सफल करो ये जीवन अपना,कृपा भक्ति याचक हूँ माता।।
त्याग और वैराग्य बढ़ा माँ,अपनी अविचल भक्ति हमें दो।
ब्रह्मचारिणी हे माँ दुर्गे, तप करने की शक्ति हमें दो।।

हे ब्राह्मी माँ, तपश्चारिणी, ब्रह्म शक्ति मय तुम हो माता।
कमंडलु माला शोभित माते,बुद्धि विवेक नर तुमसे पाता।।
हे महादेवी, जगजननी माँ,ज्ञान भक्ति की युक्ति हमें दो।
ब्रह्मचारिणी हे माँ दुर्गे, तप करने की शक्ति हमें दो।।

सदाचार, संयम को माते, जीवन का आधार बना दो।
दुःख कष्टों से मुक्त हो जीवन,शान्तिमय संसार बनादो।।
त्रिभुवन सुंदरी हे माँ अम्बे,भव बंधन से मुक्ति हमें दो।
ब्रह्मचारिणी हे माँ दुर्गे, तप करने की शक्ति हमें दो।।
–उमेश यादव