यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 11 जनवरी 2024

रामायण को पढ़ना होगा

 

रामायण को पढ़ना होगा

पाना है हर समाधान तो, रामायण को पढ़ना होगा।

सफल बनाने जीवन को,व्यक्तिव राम सा गढ़ना होगा॥

 

भाई का प्रेम बताने को, पत्नी का धर्म निभाने को।

माता का मर्म समझाने को,सेवक का कर्म बताने को॥

रामायण का हर चौपाई, हर दोहे को गुनना होगा।

सफल बनाने जीवन को,व्यक्तिव राम सा गढ़ना होगा॥

 

अगर कहीं पथ भटक गए,चलते चलते ही अटक गए।

शूलों से बिंधे पाँव अगर,अनजान क्षितिज में लटक गए।।

घिरे अगर अवसादों में तो, सियाराम से जुड़ना होगा।

सफल बनाने जीवन को,व्यक्तिव राम सा गढ़ना होगा॥

 

भ्रातृ प्रेम है भरत बताता, हनुमत सेवा भाव जगाता।

भक्तिमय गाथा केवट की, श्रद्धा शबरी बेर जगाता।।

प्राणिमात्र से प्यार बढाकर,विजय शत्रु पर करना होगा।

सफल बनाने जीवन को,व्यक्तिव राम सा गढ़ना होगा॥

 

हर दोहा है मंत्र हमारा, हर चौपाई तंत्र हमारा।

सबके प्रश्नों का उत्तर है,समाधान का यन्त्र हमारा।।

हर अक्षर में ज्ञान भरा है,हर शब्दों को सुनना होगा।

सफल बनाने जीवन को,व्यक्तिव राम सा गढ़ना होगा॥

 

मन के रावण को हम मारे,शील अहिल्या का अब तारें।

चलें राम के आदर्शों पर, अपना जीवन मार्ग सँवारें॥

मर्यादा पुरुषोतम कहलाने, हमें राम तो बनना होगा।

सफल बनाने जीवन को,व्यक्तिव राम सा गढ़ना होगा॥

-उमेश यादव

#shriRamBhajan #RamMandir #RamMandirAyodhya #RamBhajan #MannKiBaat @narendramodi @pmoindia

कोई टिप्पणी नहीं: