यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 11 जनवरी 2024

सजी अयोध्या धाम

 सजी अयोध्या धाम

सदियों की कठिन तपस्या से,प्रभु श्रीराम आये हैं।

सज गई अयोध्या धाम, सभी के मन हर्षाए हैं॥  

जय बोलो श्रीराम की।  जय अयोध्या धाम की॥

 

भक्ति भावना प्रबल हुई है,मन की आस्था सबल हुई है।

प्रभु कीर्तन में जगत रमा है,हर जन-मन चैतन्य हुआ है॥

भक्तिमय हुई अयोध्या धाम, सभी ने राम ही ध्याये हैं।

सज गई अयोध्या धाम, सभी के मन हर्षाए हैं॥  

 

राम सभी के, सबमें राम हैं, अवधपुरी में धूम धाम है।

भेद भाव और जाति वर्ग से,परे अयोध्या परम धाम है॥

छवि राम की पुण्य प्रदायी, हृदय में सुख पहुंचाए हैं।

सज गई अयोध्या धाम, सभी के मन हर्षाए हैं॥  

 

अन्तस में श्रीराम नाम धुन,मन में प्रभु श्रीराम बसे हैं।

सुर नर हितकारी रघुनंदन, असुर वृंद बेजार फिरे हैं॥

बही भक्ति कि धार अनोखी, जन मन राम सुहाए हैं।

सज गई अयोध्या धाम, सभी के मन हर्षाए हैं॥  

 

राम नाम का मंत्र सुपावन, अवधपूरी है सुखद सुहावन। 

सरयू तट आगमन प्रभु का,प्राण प्रतिष्ठा है मन भावन॥

जगमग जगमग दीप जले हैं, बंदन चहुं ओर बंधाए हैं।

सज गई अयोध्या धाम, सभी के मन हर्षाए हैं॥  

 

तोरण स्वागत द्वार सजे हैं, पथ में पुष्प बिछाए हैं।

चली भक्ति की धार चहुं दिश,पवन सुगन्ध बहाए है॥

खुशियां ही खुशियां छाई हैं, रघुवर श्रीराम आए हैं।

सज गई अयोध्या धाम, सभी के मन हर्षाए हैं॥  

 

अवधपुरी में उत्सव है, मन में आनन्द बधाई है।

सतयुग नवयुग शक्ति प्रवाहित,मंगल घड़ियां आई हैं॥

पर्जन्य तत्व इस मातृभूमि में, नव अंकुरण उगाए हैं।

सज गई अयोध्या धाम, सभी के मन हर्षाए हैं॥  

उमेश यादव

#shriRamBhajan #RamMandir #RamMandirAyodhya #RamBhajan #MannKiBaat @narendramodi @pmoindia

कोई टिप्पणी नहीं: