यह ब्लॉग खोजें

#वसंतपंचमी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
#वसंतपंचमी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 21 जनवरी 2023

नवयुग वसंत है आया

नवयुग वसंत है आया

स्वर्ण शस्य धरती का आँचल,खग कलरव मन भाया। 

हर्ष भरा है सबके मन में, युग वसंत शुभ आया।। 


चारु चंद्रमा विभा मनोरम,छटा बिखेरे अवनी पर।

फूल खिले हैं वर्ण वर्ण के, कौतुक छाया नवनी पर।।

झूम रही अलसी की बगिया,तृण हरित मन भाया।

हर्ष भरा है सबके मन में, युग वसंत शुभ आया।। 


गूंज रहे हैं पंचम में भृंग, मुकुल मकरंद सुगन्धित।

खग वृन्द उन्मुक्त व्योम, दूर्वा अमृतद्रव सिंचित।।

है रसाल मंजरित उपवन, कोकिल नवराग सुनाया।

हर्ष भरा है सबके मन में, युग वसंत शुभ आया।। 


पवन मंद आनंद तरु उर, मस्ती में झूम रहे हैं।

शीत नीहार,जाड़ा तुषार, भास्वर से धुंध छंटे हैं।।

सभी इन्द्रियां जाग्रत हैं,  बासंती धूप खिल आया।

हर्ष भरा है सबके मन में, युग वसंत शुभ आया।। 


ऐसा रास रचा शिल्पी ने,प्रस्तर प्रतिमा है प्राणित।

युगों युगों की तन्द्रा तोड़ी, गुरुपद से है साधित।।

हिमनिंद्रा में जड़ित मनुज को, केशरिया रंगवाया।

हर्ष भरा है सबके मन में, युग वसंत शुभ आया।। 


देवी प्रज्ञा की अगवानी, भास्कर आज गगन में। 

नत मस्तक सब जड़ चेतन हैं,वागीश्वरी शरण में।। 

नवयुग का अभिनन्दन करने,सर्वत्र वसंत है छाया।`

हर्ष भरा है सबके मन में, युग वसंत शुभ आया।। 

-उमेश यादव 21 जनवरी 2023

बुधवार, 18 जनवरी 2023

शिखर हिमाद्रि से वसुधा पर

 

*शिखर हिमाद्रि से वसुधा पर

 

शिखर हिमाद्रि से वसुधा पर,दिव्य प्राण संचार हुआ है।

बसंत पर्व पर शांतिकुंज से, नव चेतन विस्तार हुआ है।।

 

कोमल गुलाब की पंखुडियां, सद्गुण सुवास फैलातीं है।

मतवाली  कोयल की तानें, वेद ऋचा कह जाती हैं।।

पुष्पित-सुरभित, हर फुनगी, माता के गान सुनातीं हैं।

मधुकीटों की गुंजार सुनो,गुरुवर के स्वर में गातीं है।।

जड़-चेतन में, हर कण-कण में,वासंती व्यव्हार हुआ है।

शिखर हिमाद्रि से वसुधा पर,दिव्य प्राण संचार हुआ है।।

 

शीतल मंद समीरण से, अभिनंदन की तैयारी है।

गंगा की कल-कल,छल-छल,शुभवंदन की तैयारी है।।

लता-विटप-खग-मधुकर ने,आदर से शीश नवाए हैं।

गायत्री के हर परिजन ने, नवप्रण ले दीप जलाए हैं।।

संत,ऋषि, मुनियों देवों का, मनुजों पर उपकार हुआ है।

शिखर हिमाद्रि से वसुधा पर,दिव्य प्राण संचार हुआ है।।

 

गणतंत्र दिवस पावन बासन्ती, राष्ट्र प्रेम जगाता है।

परिताप दैन्य मिट जाते हैं, देवत्व प्रबल हो जाता है।।

शांतिकुंज चैतन्य तीर्थ में, जो चाहो मिल जाता हैं।

अखंड दीप का पावन दर्शन,सुख सौभाग्य जगाता है।।

परम पूज्य के कृपा दृष्टि से,शिष्यों का उद्धार हुआ है।

शिखर हिमाद्रि से वसुधा पर,दिव्य प्राण संचार हुआ है।।

-उमेश यादव

वासंती परिधान

 

*वासंती परिधान*

ऋतुराज कुसुमाकर आया,  वासंती  परिधान में।

जुटे हैं साधक पीत वसन में,नवयुग के निर्माण में।।

गायत्री परिवार जुटा है, नवयुग के निर्माण में।।

   

नयी सुबह है,नयी किरण है,

नया भोर है नया चमन है।

नए पुष्प और नयी कली से,

महका शांतिकुञ्ज उपवन है।।

नयी क्रांति के संग चले नवयुग के नए विहान में।

गायत्री परिवार जुटा है, नवयुग के निर्माण में।।

 

शीतल सौम्य समीर सुवासित,

घर का आँगन स्वर्ग बना है।

सुरभित मरुत चहुँदिश फैला,

मन का प्रांगन पुलक उठा है।।

कदम मिलाकर साथ चलेंगे विचार क्रांति अभियान में।

गायत्री परिवार जुटा है, नवयुग के निर्माण में।।

 

नयी चेतना नवल प्राण ले,

गूंज रहे मधुकर उपवन में।

थिरक रहे मन प्राण हमारे,

है उमंग हरेक जन मन में।।

नवयुग पुनः प्रतिष्ठित कर दें, फिर से इसी जहान में।

गायत्री परिवार जुटा है, नवयुग के निर्माण में।।

 

रंग बिरंगे पुष्प खिले हैं,

दिव्य तीर्थ के प्रांगण में।

वासंती उल्लास जगा है,

जोश भरा है तन मन में।।

युवा शक्ति का आवाहन है,जुटें  राष्ट्र उत्थान में।

गायत्री परिवार जुटा है, नवयुग के निर्माण में।।

जुटे हैं साधक पीत वसन में,नवयुग के निर्माण में।।

-उमेश यादव

ऋतु बसंत है आया

 

ऋतु बसंत है आया

ऋतु बसंत  है  आया, प्रेरक उमंग  है  लाया।

नवल शक्ति से,नव्य प्राण दे,नव संकल्प जगाया।।

         

झूम रहा है रोम-रोम तन, मन भी आज हर्षित है।

कण कण में उल्लास भरा,जड़ चेतन आकर्षित है।।

शांतिकुंज के हर जन मन में, दिव्य भाव है छाया।

नवल शक्ति से, नव्य प्राण दे, नव संकल्प जगाया।।

 

थिरक रहा  है अंग अंग सुन, थापें अब गुरुवर के।

मन कोकिला चहकती है बस, माताजी के स्वर से।।

साँसों में  प्रभु  तुम्हीं बसे हो, तुझमें प्राण समाया।

नवल शक्ति से, नव्य प्राण दे, नव संकल्प जगाया।।

 

सौरभ-सुरभित दसो दिशायें, रम्य अलौकिक पावन।

किसलय कोंपल पुष्पित-पल्लवित, नैसर्गिक मनभावन।।

ज्ञान,  कला, संगीत  सुशोभित, रंग  बासंती  छाया।

नवल शक्ति से, नव्य प्राण दे, नव संकल्प जगाया।।

 

गुरु के स्वर को कर्ण आतुर, गुरुवर मार्ग दिखाओ।

मन मयूर नर्तन करता है,  नट हो आप नचाओ।।

श्रधेय-द्वय के स्नेह प्यार से, दिव्य उछाह है छाया।

नवल शक्ति से, नव्य प्राण दे, नव संकल्प जगाया।।

-उमेश यादव

बासन्ती धरती का आँगन

 

*बासन्ती धरती का आँगन *

मधुमासी सुरभित बयार में,मन मयूर का नर्तन है।

बासन्ती धरती का आँगन,आनंदित जड़ चेतन है।।

 

पुष्पों के सुरभित बयार से, मन उन्मत्त हो जाता है।

नव पल्लव से पादप द्रुम,अनुपम सौंदर्य दिखाता है।।

मन्त्रों सा अनहत नाद सुनाता,भृंगों का भ्रम गुंजन है।

पीत वसन धरती का आँगन,आनंदित जड़ चेतन है।।


कू कू कुहक रही कोकिला, चक्रों को आंदोलित करती।

राग बसंत का गुंजन मन के,हर विकार को खंडित करती।।

वासंती उल्लास ह्रदय में, लाया  नव परिवर्तन है ।

बासन्ती धरती का आँगन,आनंदित जड़ चेतन है।।

 

निर्जन में भी स्वर्ग बसाए,मरू में निर्झरिणी बन जाए।

नीरस को भी सरस बनाए, जीवन सतरंगी बन जाए।।

बासंती उल्लास जगाये, गुरुचरणन में  अर्पण है।

बासन्ती धरती का आँगन, आनंदित जड़ चेतन है।।

 

पावन पर्व बासन्ती ने हर साधक को संदेश दिया है।

गणतंत्र के शुभ अवसर पर,राष्ट्र प्रेम उपदेश दिया है।।

नए सृजन का शंख बजायें,स्वार्थ भाव का तर्पण है।

बासन्ती धरती का आँगन, आनंदित जड़ चेतन है।।

-उमेश यादव

गुरुवर का शुभ जन्मदिवस है

 

बसंत पर्व

गुरुवर का शुभ जन्मदिवस है, शुभ  मंगल कर दे।

बसंत पर्व पर हम शिष्यों को, माँ गायत्री वर दे।।

वर दे, वर दे, वर दे, माँ गायत्री वर दे।

वर दे, वर दे, वर दे, माँ भारती वर दे।।

 

ठिठुरन बीत गया है अब तो, मधुर मास है आया।

प्रकृति ने की नव श्रृंगार, सर्वत्र उल्लास है छाया।।

युग-निर्माण  को आतुर हैं हम, शक्ति सुधा भर दे।

बसंत पर्व पर हम शिष्यों को, माँ गायत्री वर दे।।

वर दे, वर दे, वर दे, माँ गायत्री वर दे।

 

पक्षियों का कलरव कहता है,नया समय अब आया।

पतझर बीता, पुष्प खिले, कोयल ने  तान  सुनाया।।

खुशियों की चल पड़े बयार, जग को सुख से भर दे।

बसंत पर्व पर हम शिष्यों को, माँ गायत्री वर दे।।

वर दे, वर दे, वर दे, माँ गायत्री वर दे।

 

पीत पवित्र पुष्पों की चादर, मन हर्षित करता है।

भंवरों का गुंजार ह्रदय को, अभिमंत्रित करता है।।

माँ शारदा दिव्य ज्ञान दे, वाणी को नव स्वर दे।

बसंत पर्व पर हम शिष्यों को, माँ गायत्री वर दे।।

वर दे, वर दे, वर दे, माँ गायत्री वर दे।

 

नव वसंत के, नवल व्योम से, नया सूर्य चमकेगा।

नवयुग के अम्बर में अब फिर,नव विहंग चहकेगा।।

हे युगऋषि नव शक्ति भक्ति दे, मन निर्मल कर दे।

बसंत पर्व पर हम शिष्यों को, माँ गायत्री वर दे।।

वर दे, वर दे, वर दे, माँ गायत्री वर दे।

वर दे, वर दे, वर दे, माँ भारती वर दे।

-उमेश यादव