यह ब्लॉग खोजें

रविवार, 11 जुलाई 2021

साँसें हैं निश्चित

उर्जावान रहें हमेशा

उर्जावान रहें हमेशा, आओ कुछ काम करें।

साँसें हैं निश्चित हम सबकी,क्यों विश्राम करें।।

 

समय चक्र ऐसा है जो कि, पीछे कभी न घूमता।

घड़ी, प्रहर, दिवस बन हरदम,आगे बढता रहता।।

साथ समय के चलकर आओ, निज कल्याण करें।

साँसें हैं निश्चित हम सबकी, क्यों विश्राम करें।।

 

पल पल होता है अमूल्य, इसको न व्यर्थ गवाएं।

सदुपयोग करें हर क्षण का,जीवन धन्य बनाएं।।

सूर्य चन्द्र सा इस जगती में, अपना नाम करें।

साँसें हैं निश्चित हम सबकी, क्यों विश्राम करें।।

 

समय न बीते व्यसनों में,जनहित में इसे लगाएं।

करें काम ऐसा जिससे हम,स्वयं प्रसन्न हो जाएँ।।

कल जाने क्या होगा इस, अवसर का मान करें।

साँसें हैं निश्चित हम सबकी, क्यों विश्राम करें।।

 

समय बीत जाने पर हमको, पड़ता है पछताना।

बीता है जो समय व्यर्थ,वापस कभी न आना।।

समय से आगे चलने का,अब तो अभियान करें।

साँसें हैं निश्चित हम सबकी, क्यों विश्राम करें।।

-उमेश यादव, शांतिकुंज, हरिद्वार

कोई टिप्पणी नहीं: